राष्ट्रीय
11-Apr-2026


मुंबई(ईएमएस)। एनसीपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। वे पुणे में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से पुणे जा रहे थे। हालांकि, तय हेलिपैड पर उतरने के बजाय, हेलीकॉप्टर एक कार पार्किंग क्षेत्र में उतर गया। पायलट की इस बड़ी गलती से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना में छगन भुजबल या कोई दूसरा शख्स घायल नहीं हुआ। मंत्री भुजबल इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर मुंबई से पुणे जा रहा था। पुणे में तय लैंडिंग स्पॉट (हेलीपैड) पर उतरने के बजाय पास की एक कार पार्किंग में उतर गया। इस बात का डर था कि हेलीकॉप्टर के रोटर घूमते समय पार्किंग में खड़ी कारों से टकरा सकते हैं। पायलट की इस गंभीर गलती के बावजूद, हेलीकॉप्टर सुरक्षित रूप से उतर गया, लेकिन यह पूरी घटना खतरनाक साबित हुई। मंत्री भुजबल ने अभी तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, यह समझा जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। विनोद उपाध्याय / 11 अप्रैल, 2026