राष्ट्रीय
11-Apr-2026
...


-अस्पताल या परिवार की ओर से ऑफिशियल बयान नहीं मुंबई (ईएमएस) । बॉलीवुड की मशहूर गायिका आशा भोसले को शनिवार रात हार्ट अटैक आया। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है, लेकिन उनकी हालत को लेकर अस्पताल या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आशा भोसले ने 8 सितंबर 2025 को अपना 92वां जन्मदिन मनाया था। हालांकि परिवार की ओर कोई भी ऑफिशियल बयान नहीं आया है। उनकी की बहन उषा मंगेशकर ने कहा कि अभी उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। दिग्गज सिंगर आशा भोसले ने हर शैली के गीतों में अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। उनकी आवाज की मिठास ऐसी है कि आज भी लोगों के दिलों पर राज करती है। अपने करियर में 12,000 से ज्यादा गीत गा चुकीं आशा भोसले के लिए संगीत का सफर इतना भी आसान नहीं था। 9 साल की उम्र में ही पिता का साया उठ गया था। 16 साल की उम्र में जब आशा भोसले ने भागकर परिवार वालों के खिलाफ बड़ी बहन लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से शादी की, तब लता मंगेशकर ने बहन से रिश्ता तोड़ लिया। शादी के बाद आशा भोसले को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और वह घरेलू हिंसा का शिकार भी हुईं। इतना ही नहीं, जिंदगी से इतना निराश हो गई थीं कि खुद को खत्म करना चाहती थीं। बहरहाल, 14 से अधिक भाषाओं में गीत गा चुकीं आशा भोसले की आवाज में 92 साल की उम्र में भी वही खनक और जादू आज भी बरकरार है। ईएमएस/11 अप्रैल2026