मेरठ(ईएमएस)। मेरठ में एक पिता बेटी की लाश के साथ 4 महीने तक घर में रहा। लाश बुरी तरह से सड़ चुकी थी। बेटी टीचर थी, उसके साथ रहने की जिद में पिता उससे अलग नहीं होना चाहता था। वह लाश की बदबू छिपाने के उस पर परफ्यूम स्प्रे करता रहा। लडक़ी की पूरी बॉडी कंकाल बन चुकी थी, सिर्फ पैर ही बचा था। घटना का पता उस समय चला जब घर पर रिश्तेदार पहुंचे। बदबू आने पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के एक कमरे से लाश बरामद की। बॉडी की हालत इतनी बदतर हो चुकी थी कि रिश्तेदार से लेकर पुलिस वाले और पड़ोसी उसे देख नहीं पा रहे थे। मामला सदर बाजार के तेली मोहल्ले का है। मूलरूप से बंगाल के रहने वाले उदय भानु बिस्वास (76) काशी में शिक्षा विभाग में कार्यरत थे। बोर्ड ऑफिस में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तैनात थे। 2010 में रिटायर हुए थे। सदर के तेली मोहल्ले में खुद का छोटा-सा मकान है। अपनी बेटी प्रियंका बिस्वास (35) के साथ रहते हैं। पत्नी शर्मिष्ठा (59) की 13 साल पहले मौत हो चुकी है। विनोद उपाध्याय / 11 अप्रैल, 2026