नारायणगंज (मंडला) (ईएमएस)! मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत “जल शक्ति से नवभक्ति – शुद्ध जल, स्वच्छ जल, जल स्रोत सेवा समागम” कार्यक्रम के तहत विकासखंड नारायणगंज में एक सराहनीय पहल की गई। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज परिसर में नगर विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा ‘जल मंदिर (प्याऊ)’ की स्थापना कर उसका विधिवत शुभारंभ किया गया। इस जल मंदिर की स्थापना का मुख्य उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों एवं राहगीरों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय से अपील की गई कि जल का सदुपयोग करें तथा प्यासे पशु-पक्षियों और जरूरतमंद लोगों को जल पिलाने की इस मुहिम में सहभागी बनें। कार्यक्रम में बताया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विकासखंड नारायणगंज में पूर्व में भी कई जागरूकता एवं सेवा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वर्तमान में यह अभियान जनभागीदारी से निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह आयोजन जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सीबीएमओ डॉ. ए.एल. कॉल, भाजपा मंडल अध्यक्ष किसन तेकाम, ग्राम पंचायत पड़रिया के सचिव अभिषेक शर्मा, सहित प्रशांत सोनी, रेवत सिंह, शैलेन्द्र, एवं परिषद की टीम से के.के. झारिया, राकेश कुमार अग्रवाल, वीरेंद्र कुमार अग्रवाल, सुरेश कुमार सोनी, सुमित हथाले, अनुराग श्रीवास्तव, दुर्गेश रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्था, सीएमसीएलडीपी कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं परामर्शदाताओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ईएमएस/मोहने/ 12 अप्रैल 2026