क्षेत्रीय
11-Apr-2026


(मंडला (ईएमएस)। स्थानीय देवरी कला बावलिया में बस स्टैंड के समीप संचालित प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के सामने से गुजरने वाले भारी वाहनों ने बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ से फूल सागर निवास के लिए मार्ग संचालित है, जहाँ दिन-भर बसों और हाईवा ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है। स्कूल और अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों के कारण हमेशा किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ग्राम पंचायत देवरी कला द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार मंडला कलेक्टर से बस स्टैंड, स्कूल के सामने, अस्पताल चौराहा और खेर माई मंदिर के पास स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की जा रही है। लेकिन प्रशासन की सुस्ती के कारण अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हाल ही में सागर बम्होरी में आंगनबाड़ी से निकली ढाई साल की मासूम को हाईवा ट्रक द्वारा रौंदने की हृदय विदारक घटना के बाद ग्रामीण डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बमोरी में तो हादसा होने के बाद ब्रेकर बना दिए गए, क्या प्रशासन बावलिया, खारी, रिपटा, जेवरा, सिंगपुर और पिपरिया में भी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। ग्राम पंचायत सरपंच देवचरण पंद्राम, उप सरपंच संजय सोनी एवं समस्त ग्रामीण जनों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि बावलिया बस स्टैंड और स्कूलों के पास अविलंब ब्रेकर बनवाए जाएं, जिससे क्षेत्र के बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित किया जा सके। ईएमएस/मोहने/ 12 अप्रैल 2026