राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक होम रोबोट को ठीक एक माँ की तरह अपने मालिक की देखभाल करते हुए दिखाया गया है। वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स के क्षेत्र में हो रही तीव्र प्रगति ने अब हमारे घरों में भी अपनी जगह बना ली है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सुबह जगाने से लेकर नाश्ता तैयार करने और ऑफिस भेजने तक, यह रोबोट हर काम पूरी कुशलता से निभा रहा है, जिसने भविष्य के घरों की एक अद्भुत झाँकी पेश की है। यह वीडियो दिग्गज उद्योगपति हर्ष गोयनका ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया है, जिसमें चीनी कंपनी यूनीपाथ द्वारा निर्मित इस रोबोट की क्षमताओं को देखकर हर कोई हैरान है। गोयनका ने अपने पोस्ट में लिखा, एक चीनी कंपनी, यूनीपाथ ने एक होम रोबोट पेश किया है, जिसका इस्तेमाल असल घरों में अभी से होने लगा है। यह आपको जगा सकता है, घर के उपकरण चला सकता है, साफ-सफाई कर सकता है, आपके घर को व्यवस्थित कर सकता है… और तो और, आपके लिए खाना भी बना सकता है। यह उपयोगी है या डरावना - अभी पक्का नहीं कहा जा सकता! उनका यह कथन एआई और रोबोटिक्स के नैतिक और सामाजिक पहलुओं पर एक महत्वपूर्ण बहस छेड़ता है। यह रोबोट सिर्फ एक काम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे घर में बड़ी आसानी से घूमता है और ऐसे काम करता है जिन्हें ज्यादातर लोग रोजाना खुद करते हैं। वीडियो में, इसे किचन में खाना बनाते हुए, फर्श साफ करते हुए, बिस्तर लगाते हुए, कपड़े धोते हुए और यहाँ तक कि खाना परोसते हुए भी देखा जा सकता है। इसके काम करने में एक लय है, एक काम के बाद दूसरा काम अपने-आप होता जाता है, ठीक वैसे ही जैसे इसने कोई रूटीन सीखा हो। सबसे ज्यादा जिस बात ने ध्यान खींचा, वह यह है कि रोबोट सारे काम बिल्कुल सामान्य तरीके से पूरे करता है, ठीक वैसे ही जैसे इंसान करते हैं। सुबह होने पर रोबोट आकर अपने मालिक को जगाता है और खिड़की से पर्दे भी हटाता है ताकि सूरज की रोशनी अंदर आ सके। मालिक के बिस्तर से उठ जाने के बाद यह बिस्तर व्यवस्थित करता है। फिर जूसर-मिक्सर चलाकर जूस तैयार करता है। ओवन पर ऑमलेट तैयार करता है और डाइनिंग टेबल पर जाकर नाश्ता परोसता भी है। ऑफिस जाते समय बैग हाथ में देकर अपने मालिक को बाय भी करता है। ठीक वैसे ही जैसे घर का सदस्य करते हैं। उसके बाद यह रूकता नहीं है, वापस अंदर आकर यह सारा सामान व्यवस्थित तरीके से जमाता है, पूरे घर की सफाई करता है। वॉशिंग मशीन में कपड़े धोता है और उन्हें सुखाने के लिए बालकनी में डालता है। टॉयलेट साफ करता है और हाइजीन मेंटेन करने के लिए अपने रोबोटिक हाथों को धोता है और तोलिए से पोछता है। यह सब देखकर ऐसा लगता है कि यह रोबोट सिर्फ एक मददगार नहीं, बल्कि एक पूर्ण सक्षम होम मैनेजर के रूप में कार्य कर रहा है। यह वायरल वीडियो हमें उस भविष्य की एक स्पष्ट झलक दिखाता है जिसकी कल्पना कभी केवल कहानियों में की जाती थी। सुदामा/ईएमएस 12 अप्रैल 2026