राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


चंबा,(ईएमएस)। देर रात अचानक हुए भारी भूस्खलन के कारण हाईवे का एक बड़ा हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया था, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसके बाद भारी मशक्कत की गई और वाहनों की आवाजाही को बहाल कर दिया गया। हाइवे बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री बीच राह में फंस गए। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कुछ यात्रियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रावी नदी को पार किया और दूसरे छोर तक पहुँचे। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग ने मशीनरी के साथ मोर्चा संभाला और मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया। देर रात मार्ग बहाल होने के बाद चंबा और भरमौर की ओर फंसे छोटे-बड़े सैकड़ों वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। हालांकि, इस दौरान पहले निकलने की होड़ के कारण वाहनों की गति काफी धीमी रही और जाम जैसी स्थिति बनी रही। स्थानीय चालकों ने शिकायत की है कि हाईवे की खस्ता हालत और जगह-जगह बिखरे मलबे के कारण सफर जोखिम भरा बना हुआ है। फिलहाल मार्ग पर यातायात सुचारू है, लेकिन विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/12अप्रैल2026