डिंडोरी,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब एक बजे किकरा तालाब गांव के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार ग्रामीण अपने गांव की ओर लौट रहे थे, तभी यह घटना घटित हुई। इसकी जानकारी गांव में पहुंची तो मातम पसर गया। ग्रामीणजन मृतक परिवारों के घर पहुंचने लगे। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह को दिए बयान में ट्रक ड्राइवर ने चौंकाने वाला दावा किया है। ड्राइवर के अनुसार, नेशनल हाईवे पर ट्रक का टायर अचानक पंक्चर हो गया था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। उसने बताया कि अंधेरे के कारण उसे सड़क पर खड़े लोग दिखाई नहीं दिए और ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। ड्राइवर का कहना है कि मृतक उस समय बीच सड़क पर मौजूद थे। पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में पिकअप ड्राइवर समेत कुल 5 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। घायल व्यक्ति की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा और सावधानी बरतने की अपील की है। वीरेंद्र/ईएमएस/12अप्रैल2026