राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


-बस की कार को टक्कर लगने से हुआ विवाद, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया दौसा,(ईएमएस)। दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी में श्रद्धालुओं के बीच झगड़ा हो गया जो इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। धार्मिक स्थल पर जहां लोग आस्था लेकर पहुंचते हैं, वहीं इस तरह की घटना ने सबको हैरान कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक सब कुछ अचानक हुआ और देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया। घटना के बाद मंदिर हलचल बढ़ गई। श्रद्धालुओं के बीच डर नजर आया। इसमें महिला श्रद्धालुओं के साथ भी मारपीट की बात सामने आई है, जिसमें कई महिलाएं घायल हो गई हैं, जिससे लोगों में नाराजगी और गुस्सा है। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जानकारी के मुताबिक एक बस नो एंट्री के बावजूद मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में घुस गई। उसी दौरान बस चालक ने बस को पीछे लिया, तभी पीछे खड़ी यूपी की एक कार को टक्कर लग गई। बस की टक्कर के बाद कार चालक ने इसका विरोध किया, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। बताया जा रहा है कि बस में सवार लोग अचानक गुस्से में आ गए और कार चालक के साथ मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक को बुरी तरह पिटा। कुछ ही पलों में हालात इतने बिगड़ गए कि आसपास खड़े लोग भी सहम गए। जब कार में सवार महिलाएं बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। यह बात सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है। धार्मिक स्थल पर महिलाओं के साथ मारपीट से लोग गुस्से में हैं। मौके पर मौजूद कई लोगों ने बताया कि झगड़ा काफी देर तक चलता रहा और कोई बीच में आने की हिम्मत नहीं कर सका। बाद में कुछ लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को काबू में लिया और बस में सवार कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया साथ ही बस को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़े की शुरुआत कैसे हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। इलाके में इस घटना के बाद चर्चा तेज है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सिराज/ईएमएस 12अप्रैल26