राष्ट्रीय
12-Apr-2026
...


बीजेपी संसदीय दल ने अपने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप, दिए निर्देश नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी संसदीय दल ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी के कार्यालय सचिव शिव शक्ति नाथ बख्शी ने निर्देश में लोकसभा और राज्यसभा के सभी बीजेपी सांसदों को तीन दिनों तक सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने को कहा है। इस व्हिप के मुताबिक 16 से 18 अप्रैल तक सभी सांसदों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। इसमें विशेष रूप से केंद्रीय मंत्रियों और सभी सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि वे इन तीनों दिनों के दौरान सदन में मौजूद रहें। कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। उन्होंने सदस्यों से अनुरोध है कि वे व्हिप का सख्ती से पालन करें और सदन में अपनी निर्बाध उपस्थिति तय करें। बता दें पीएम मोदी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में सभी दलों के नेताओं को पत्र लिखकर समर्थन का आग्रह किया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि इस संशोधन को पारित कराने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए और इस विषय पर संसद में अपने विचार रखने चाहिए। उन्होंने इसे किसी एक पार्टी या व्यक्ति से ऊपर का विषय बताया है। पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी समाज तभी प्रगति करता है, जब महिलाओं को आगे बढ़ने, निर्णय लेने और नेतृत्व करने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए महिलाओं की पूर्ण भागीदारी को जरुरी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और भारत की बेटियां अंतरिक्ष, खेल, सशस्त्र बलों और स्टार्ट-अप जैसे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। वे अपने परिश्रम, संकल्प और बड़े सोच के साथ निरंतर सफलता हासिल कर रही हैं। सिराज/ईएमएस 12अप्रैल26 --------------------------------