ग्वालियर ( ईएमएस ) | सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ शासकीय सेवकों को स्वगणना करने के लिये प्रोत्साहित करें। मौजूदा माह में अधीनस्थ शासकीय सेवकों से 16 से 30 अप्रैल के दौरान सेल्फ ऐनुमैरेशन पोर्टल पर जनगणना संबंधी जानकारी भरने की प्रक्रिया में पारंगत कराया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी विभागों के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि जनगणना में शासकीय सेवकों की सक्रिय भागीदारी एक अनुकरणीय उदाहरण स्थापित करेगी। इससे व्यापक जन सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय महत्व का यह कार्य कुशल, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकेगा। ज्ञात हो भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले में भी दो चरणों में जनगणना होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) कार्य किया जायेगा। मध्यप्रदेश में 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जायेगा। इस चरण का उद्देश्य द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के लिये मास्टर फ्रेम तैयार करना है। जनगणना के द्वितीय चरण का काम फरवरी 2027 में होगा। पहली बार हो रही है डिजिटल जनगणना, स्वगणना का अवसर भी देश में पहली बार डिजिटल रूप से जनगणना होने जा रही है। साथ ही देश में पहली बार स्व-गणना का अवसर भी लोगों को दिया गया है। जिसके तहत कोई भी व्यक्ति एसई वेब पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में जनगणना संबंधी 34 बिंदुओं में अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे। प्रथम चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य करेंगे। साथ ही लोगों द्वारा स्वत: ही मोबाइल एप पर 34 बिंदुओं में भरी गई जानकारी की जांच कर सत्यापन भी करेंगे।