क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर की त्वरित कार्रवाई बालाघाट (ईएमएस). जिले में दहेज प्रथा का एक और भयावह चेहरा सामने आया है, जहां शादी के महज तीन साल बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताडऩा से तंग आकर महिला की मौत होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को जिला अस्पताल बालाघाट से नवविवाहिता प्रशांति पति ललित राणा की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच शुरू की गई। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच के दौरान सामने आया कि मृतका का विवाह वर्ष 2023 में ललित राणा से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार पति ललित राणा, सास सुशीला राणा और ससुर सहसराम राणा द्वारा बार-बार चार पहिया वाहन खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। कई बार समझाइश और राशि देने के बावजूद प्रताडऩा का सिलसिला जारी रहा, जिससे महिला लगातार तनाव में थी। पांच लाख रुपए की कर चुके हैं डिमांड पूरी सीएसपी मंयक तिवारी ने बताया कि प्रशांति के पति, सास-ससुर द्वारा पहले दहेज में पांच लाख रुपए की मांग की गई थी, जिसे दो-तीन किश्तों में दिया गया था। इसके बाद दस लाख रुपए की पुन: डिमांड की गई, जिसे पूरा नहीं किया गया। वहीं एक बार फिर से कार के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण प्रशांति काफी परेशान थी। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि दहेज प्रताडऩा के चलते ही नवविवाहिता की मौत हुई है। इसके आधार पर थाना नवेगांव में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 3(5) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 120/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। भानेश साकुरे / 12 अप्रैल 2026