12-Apr-2026
...


- सनसनी : खितौला श्मशानघाट में मिला अधजला शव जबलपुर, (ईएमएस)। जिला मुख्यालय से लगभग 42 किलोमीटर दूर ग्राम खितौला में हिरन नदी के तट पर स्थित श्मशान घाट में एक जलती चिता पर कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को खितौला श्मशान घाट में एक मृतक का अंतिम संस्कार किया गया था। रस्मों को पूरा करने के बाद परिजन चिता को जलती हुई अवस्था में छोड़कर अपने घर लौट आए थे। इसी बीच, रात के करीब 3 बजे सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल उम्र 27 वर्ष, जो खितौला का निवासी था, बिना किसी को बताए अचानक अपने घर से लापता हो गया। सुबह होने पर जब वह घर नहीं मिला तो परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। अगली सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने खितौला थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज कराने के बाद परिजन और परिचित उसकी खोजबीन में जुटे रहे। इसी दौरान, सुबह लगभग 7 बजे जब कुछ लोग खारी विसर्जन के लिए चिता की राख एकत्रित करने श्मशान घाट पहुंचे, तब वहां का मंज़र देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने जलती हुई चिता के ऊपर एक युवक का आधा जला हुआ शव देखा। उन्होंने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह पुलिस बल के साथ शमशानघाट पहुंचे। पुलिस ने शव को चिता से अलग कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया| मृतक की शिनाख्त लापता सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल के रूप में हुई है, जिसने अज्ञात कारणों से यह खौफनाक कदम उठाया है। पुलिस मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। सुनील साहू / मोनिका / 12 अप्रैल 2026/ 06.07