खेल
12-Apr-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। स्टार वॉरियर्स ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में भगवा लायंस को हराकर साईकृपा प्रीमियर लीग (सीजन-3) का खिताब अपने नाम कर लिया है। राधिका पैलेस ग्राउंड पर खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में रनों का अंबार लगा, जिसमें अंततः स्टार वॉरियर्स विजयी रही। मैच की पहली पारी में भगवा लायंस ने बल्लेबाजी का आक्रामक प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 25 ओवरों में 312 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दिनेश कुमावत ने मात्र 51 गेंदों में 6 छक्कों की मदद से 105 रनों की दर्शनीय शतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में शोभित गुप्ता (41) और आशीष सिंह (31) ने भी तेज हाथ दिखाए, जिससे स्कोर 300 के पार पहुँचा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार वॉरियर्स ने शुरुआत से ही जवाबी हमला बोला। मैच के असली नायक ब्रजेश लश्करी रहे, जिन्होंने गेंदबाजों को निशाने पर लेते हुए महज 43 गेंदों में नाबाद 106 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 13 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। अर्जुन सिंह (54) के अर्धशतक और अक्की रघुवंशी के कैमियो की मदद से वॉरियर्स ने 1.2 ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेश शर्मा, के.के. झा, राजेश तोमर एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। क्लब के पंकज वैद्य व विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि यह लीग शहर की खेल प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त मंच बन चुकी है। आयोजन में विपिन रघुवंशी, दीपेश बर्डेजा व श्वेतांक वैद्य का विशेष सहयोग रहा। प्रकाश/12 अप्रैल 2026