राज्य
12-Apr-2026
...


:: 19 करोड़ की लागत से सुदृढ़ हुई विद्युत अधोसंरचना; छतरपुर, टीकमगढ़ सहित चार जिलों को मिलेगा उच्च गुणवत्ता वाली बिजली का लाभ :: छतरपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल में विकास की रफ्तार को नई गति देने के लिए बिजली कंपनी ने अपनी पारेषण क्षमता (ट्रांसमिशन नेटवर्क) को और अधिक सशक्त बना दिया है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने छतरपुर स्थित 220 केवी सबस्टेशन में 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि को प्रदेश के विद्युत ढांचे के लिए एक मील का पत्थर बताया है। लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस पावरफुल ट्रांसफार्मर के सक्रिय होने से न केवल छतरपुर, बल्कि टीकमगढ़, निवाड़ी और पन्ना जिलों के लाखों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होगा, जिससे बार-बार होने वाले ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। ऊर्जा मंत्री के अनुसार, बुंदेलखंड में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण बिजली की मांग में जो निरंतर वृद्धि हो रही है, उसे पूरा करने में यह ट्रांसफार्मर अहम भूमिका निभाएगा। :: क्षमता में रिकॉर्ड वृद्धि :: एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता एम. वाय. मंसूरी ने बताया कि इस नए ट्रांसफार्मर के साथ ही छतरपुर जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब 1000 एमवीए के जादुई आंकड़े को पार कर 1096 एमवीए तक पहुंच गई है। जिले में वर्तमान में छह प्रमुख सबस्टेशनों के माध्यम से बिजली का पारेषण किया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ने इस सफलता पर बिजली कंपनी के तकनीकी अमले को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बताया। प्रकाश/12 अप्रैल 2026