राज्य
12-Apr-2026
...


:: आदर्श वार्ड की परिकल्पना : 20 हजार रहवासियों को मिलेगी पेयजल और आधुनिक उद्यानों की सुविधा :: इंदौर (ईएमएस)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को सांवेर विधानसभा के वार्ड क्रमांक-36 में विकास की नई इबारत लिखते हुए लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के 20 हजार से अधिक नागरिक सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। मंत्री सिलावट ने वार्ड में नवनिर्मित छह उद्यानों का लोकार्पण किया। ये उद्यान केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं जैसे गजीबो, फाउंटेन तालाब, पाथवे और आकर्षक लाइटिंग से सुसज्जित हैं। बच्चों के लिए खेल उपकरण और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम के साथ-साथ एक विशेष योग क्षेत्र भी विकसित किया गया है, जहाँ 50 लोग एक साथ योगाभ्यास कर सकेंगे। क्षेत्र के तिरुमला ग्रीन्स और धनलक्ष्मी सेक्टर में लंबे समय से चली आ रही जल समस्या के निराकरण हेतु नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भूमिपूजन किया गया। मंत्री ने कहा, वार्ड-36 अब एक मॉडल वार्ड बन चुका है। विधायक बनने से अब तक यहाँ 100 करोड़ के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और 20 करोड़ के नए टेंडर पाइपलाइन में हैं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य अभिषेक शर्मा, जलकार्य प्रभारी सुरेश कुरवाड़े, पार्षद राकेश सोलंकी, पप्पू शर्मा और यशवंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी और जन-प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रकाश/12 अप्रैल 2026