:: रानी सराय भवन की वायरिंग से उठीं चिंगारियां; बाल-बाल बचे थाने में खड़े सैकड़ों जब्त वाहन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के हृदय स्थल रीगल चौराहे पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऐतिहासिक रानी सराय भवन (पुराना पुलिस कंट्रोल रूम) में अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। घटना बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घनी बसावट वाले इस क्षेत्र में धुएं का गुबार देख राहगीरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। छोटी ग्वाल्टोली थाना प्रभारी संजू कामले के अनुसार, आग की शुरुआत बिजली की वायरिंग में स्पार्किंग से हुई थी। परिसर के भीतर भारी मात्रा में कबाड़ और पुराना सामान रखा हुआ है। यदि आग इस कबाड़ को पकड़ लेती, तो स्थिति विकराल हो सकती थी। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि घटनास्थल के बिल्कुल समीप छोटी ग्वाल्टोली थाना परिसर में बड़ी संख्या में जब्त किए गए वाहन खड़े हैं। संकरा और सघन क्षेत्र होने के कारण यदि इन वाहनों तक आग पहुँचती, तो इस पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो जाता। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रकाश/12 अप्रैल 2026