टीकमगढ़ (ईएमएस)। बीती रात्रि उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान महंत सीताराम दास ने मुस्लिम समुदाय को लेकर एक अत्यधिक विवादित और भड़काऊ टिप्पणी की। महंत ने कथित तौर पर कहा कि वे गाड़ी में तलवार लेकर आए हैं और जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने टोपी वाले किसी भी व्यक्ति को मारने की धमकी दी, भले ही उन्हें अपने प्राण गंवाने पड़ें। यह बयान शहर में जमालुद्दीन खान की गिरफ्तारी में देरी और पुलिस द्वारा उसका जुलूस न निकाले जाने को लेकर दिया गया है। महंत ने इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और अपनी नाराजगी जाहिर की। महंत के इस बयान के बाद देर रात शहर में तुरंत तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल भारी अतिरिक्त बल तैनात किया। बड़ी संख्या में लोग नजरबाग प्रांगण में एकत्रित थे, जहां पुलिस बल ने पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश के जरिए लोगों को शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद माहौल को नियंत्रित किया। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, लेकिन पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महंत द्वारा दिए गए बयान से कानून-व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा और क्या कोई कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। शहर में जहां चर्चा और चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन ने सभी से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।