राज्य
13-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो और इससे जुड़े सड़क नेटवर्क का विस्तार राजधानी की जीवनरेखा को मजबूत करेगा। इससे न केवल लोगों की यात्रा तेज और आसान होगी, बल्कि ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली मेट्रो और उससे जुड़े सड़क एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में आधुनिक और सशक्त सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ट्रैफिक जाम कम हो, यात्रा सुगम बने और प्रदूषण में कमी आए। दिल्ली सचिवालय में हाल में आयोजित इस बैठक में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। दिल्ली में डीएमआरसी कई फ्लाइओवरों का भी निर्माण कर रहा है। मुख्यमंत्री का कहना है कि कुछ परियोजनाओं में आ रही अड़चनों को लगातार दूर किया जा रहा है। बैठक में दिल्ली का परिवहन सिस्टम सुधारने व प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बताया गया कि दिल्ली मेट्रो का वर्तमान नेटवर्क 416 किलोमीटर में फैला है, जिसमें 303 स्टेशन, 12 लाइनें और 32 इंटरचेंज स्टेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 104.45 किलोमीटर लंबा नेटवर्क और 81 स्टेशन निर्माणाधीन हैं। फेज-4 के प्राथमिक कॉरिडोर में तेज प्रगति हुई है और कुल भौतिक प्रगति 79.57 प्रतिशत तथा वित्तीय प्रगति 80.60 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर, दीपाली चौक से मजलिस पार्क और जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन जैसे महत्वपूर्ण सेक्शन चालू हो चुके हैं। वहीं, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से आर। के। आश्रम और तुगलकाबाद से एरोसिटी जैसे प्रमुख कॉरिडोर दिसंबर 2026 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य है। इन कॉरिडोरों में कृष्णा पार्क से दीपाली चौक (लगभग 6.6 किमी), मजलिस पार्क से डेरावल नगर (3।5 किमी), डेरावल नगर से आर। के। आश्रम (7।4 किमी), तुगलकाबाद से संगम विहार (6।3 किमी), संगम विहार से साकेत जी ब्लॉक (4।3 किमी) और साकेत जी ब्लॉक से एरोसिटी (12।6 किमी) शामिल हैं, जो दिल्ली के विभिन्न हिस्सों को बेहतर तरीके से जोड़ेंगे। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026