राज्य
13-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में इस वर्ष के अंत तक निर्माणाधीन मेट्रो लाइन के तीन कॉरिडोर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से आर. के. आश्रम और तुगलकाबाद से एरोसिटी कॉरिडोर शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली को जाम मुक्त करने के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली मेट्रो और उससे जुड़े सड़क एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा के लिए डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री को बताया गया कि दिल्ली मेट्रो का वर्तमान नेटवर्क 416 किलोमीटर में फैला है, जिसमें 303 स्टेशन, 12 लाइनें और 32 इंटरचेंज स्टेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 104.45 किलोमीटर लंबा नेटवर्क और 81 स्टेशन निर्माणाधीन हैं। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर, दीपाली चौक से मजलिस पार्क और जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन जैसे महत्वपूर्ण सेक्शन चालू हो चुके हैं। वहीं कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से आर. के. आश्रम और तुगलकाबाद से एरोसिटी जैसे प्रमुख कॉरिडोर दिसंबर 2026 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य है। नए मेट्रो कॉरिडोर खुलने से कई हिस्से बेहतर तरीके से आपस में जुड़ जाएंगे। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026