नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी स्थित तुगलकाबाद में 8 अप्रैल को खेलते समय मासूम निर्माणाधीन मकान में पानी के टैंक में गिर गया। उसके साथ खेल रहे बच्चाें ने उसके पिता को जानकारी दी। पिता ने करीब 10 फीट गहरे टैंक से मासूम को निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त श्रेयांश (9) के रूप में हुई है। लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने मकान मालिक जगदीश (61) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं श्रेयांश के पिता ने उसकी मौत को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि बेटे का शव पानी से निकालने पर उसके मुंह से झाग आ रहे थे। इससे उसकी मौत पर संदेह है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव कल्याणपुर-तारापुरी, अंबेडकर नगर, यूपी का रहने वाला श्रेयांश परिवार के साथ तुगलकाबाद गांव में रहता था। श्रेयांश पास के नगर निगम स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था। सुरेंद्र व उनकी पत्नी बाजार मोहल्ला, तुगलकाबाद में चाय की दुकान चलाते हैं। 8 अप्रैल को श्रेयांश स्कूल गया था। बहन उसे लेने के लिए गई थी। रास्ते में बहन उसका बैग लेकर आगे चल रही थी। इस बीच उसका भाई दोस्त के साथ पीछे-पीछे चल रहा था। घर पहुंचकर परी ने देखा कि भाई नहीं आया है। उसने पिता को बताया कि वह खेलने के लिए रुक गया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/अप्रैल /2026