राज्य
13-Apr-2026


* मोबाइल के अत्यधिक उपयोग पर पति की मामूली फटकार से आहत होकर पत्नी ने उठाया आत्मघाती कदम सूरत (ईएमएस)| सूरत के कामरेज क्षेत्र में तकनीक के दुरुपयोग से जुड़ी एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कामरेज के केनाल रोड स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली 32 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर अपने पति द्वारा मोबाइल फोन के अधिक उपयोग को लेकर डांटे जाने के बाद आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जूनागढ़ जिले के एक गांव के निवासी और वर्तमान में कामरेज में रह रहे 42 वर्षीय लालजी भीमजीभाई घड़िया हीरे के कारखाने में रत्नकला का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। शनिवार, 11 अप्रैल की सुबह लगभग 11 बजे उन्होंने अपनी 32 वर्षीय पत्नी इंदिरा घड़िया को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को लेकर समझाया और उसे कम इस्तेमाल करने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि यह साधारण सी बात इंदिरा के मन को गहराई से लग गई। मानसिक रूप से आहत होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पति ने कामरेज पुलिस स्टेशन में इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने दुर्घटना मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, अपनी मां को खोकर सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक एवं स्तब्धता का माहौल है। सतीश/13 अप्रैल