राज्य
13-Apr-2026
...


यूएस ट्रेड डील किसानों और लघु उद्योगों की कमर तोड़ेगी : चिब जबलपुर, (ईएमएस)। अमेरिका के साथ किसान विरोधी ट्रेड डील व महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर मप्र युवक कांग्रेस द्वारा जबलपुर में सोमवार को बड़ा प्रदर्शन किया गया| सिविक सेंटर में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार व मप्र सरकार पर तीखा हमला बोला| उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील चार माह से लंबित थी| एपस्टिन फाईल का मामला सामने आने पर यह डील की गई| इससे देश के लघु उद्योगों और किसानों की कमर टूटेगी| सभा को प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया| इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव करने निकले, जिन्हे पुलिस ने वॉटर कैनन चलाकर रोक दिया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ट्रेड का विरोध करते हुए जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे उदय भानु चिब ने कहा कि प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील से किसानों व मजदूरों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने इसे देशहित के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आंदोलन केवल मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। चिब ने महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों और केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की। रैली को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बाद भी जब कार्यकर्ताओं ने आगे बढऩे की कोशिश की तो पुलिस ने वॉटर कैनन का उपयोग किया। पानी की बौछारें पड़ते ही अफरातफरी मच गई, कार्यकर्ता तितर बितर हो गए थे। राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया| प्रदर्शन में स्थानीय कार्यकर्ताओं सहित पदाधिकारी मौजूद रहे| सुनील साहू / मोनिका / 13 अप्रैल 2026/ 06.30