राज्य
13-Apr-2026


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के बालको नगर क्षेत्र में वेदांता समूह के द्वारा संचालित बालको के ऊपर जमीन संबंधी संगीन आरोप लगाए गए हैं। आरोप लगाते हुए बताया जा रहा हैं की संयंत्र के निकट स्थापित परसाभाटा चौक से अमरनाथ नामक होटल तक जाने वाले सार्वजनिक मार्ग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने संगीन आरोप लगाया है कि उद्योग नव प्रबंधन ने इस सड़क को अवैध रूप से बंद कर उस पर कब्जा कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जिस सड़क को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण और नगर निगम कोरबा ने आम जनता की सुविधा के लिए विकसित किया था, उसे अब निजी संपत्ति की तरह बंद कर दिया गया है। रास्ते पर कंक्रीट की दीवार खड़ी कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। स्थानीय लोगों का आरोप लगाते हुए कहना है कि यह न सिर्फ एक अतिक्रमण है, बल्कि कानून और प्रशासन को खुली चुनौती देना भी है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 में तत्कालीन निगम आयुक्त आर. एक्का ने इसी स्थान पर बनाई गई अवैध दीवार को हटाकर रास्ता बहाल कराया था। लेकिन 2016-17 के दौरान फिर से इस चालु सड़क को बंद कर कब्जा कर लिया गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब एक बार इसे अवैध घोषित किया जा चुका था, तो दोबारा यह कब्जा कैसे हो गया और किसके संरक्षण में यह संभव हुआ ? कोरबा नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किए जाने की बात कही जा रही हैं, लेकिन इस संबंध में अब तक कोई ठोस एवं उल्लेखनीय कार्यवाही नहीं हुई हैं। इससे प्रशासन की प्रणाली पर भी सवाल उत्पन्न हो रहे हैं। आम रास्ता बंद होने के कारण लोगों को अब बेलगिरी नाला के पास रिंग रोड से होकर गुजरना पड़ रहा है, जहां भारी वाहनों के दबाव के कारण जान जोखिम का ख़तरा बना रहता हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। 13 अप्रैल / मित्तल