:: गुरव समाज ने किया गणगौर उत्सव समिति का गठन :: हरदा (ईएमएस)। हरदा के भुणाना क्षेत्र में वर्ष 2027 में माता गणगौर का उत्सव ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाया जाएगा। निमाड़ की समृद्ध परंपरा को हरदा की धरती पर जीवंत करने के लिए गुरव समाज के बंधुओं ने सामूहिक पहल करते हुए गणगौर उत्सव समिति का गठन किया है। इसमें न केवल धार्मिक अनुष्ठान होंगे, बल्कि निमाड़ी लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। उत्सव की रूपरेखा तैयार करने के लिए हाल ही में खेड़ीपुरा क्षेत्र में समाज की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। समाज के उमेश चोलकर ने बताया कि इस बैठक में वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समिति का गठन करने के साथ ही यह निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में समाज के और अधिक परिवारों को जोड़कर समिति का विस्तार किया जाएगा, ताकि आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया जा सके। :: पहली बार भुणाना क्षेत्र में मनेगा उत्सव :: उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के निमाड़ अंचल में गणगौर तीज का पर्व गुरव समाज द्वारा बड़ी श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान से मनाया जाता है। अब इसी परंपरा को हरदा के भुणाना क्षेत्र में पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, नृत्य और विशेष पूजा-विधि आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य समाज की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। :: महिलाओं ने दिए सुझाव, अभी से शुरू होंगी तैयारियां :: बैठक में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों को प्रमुखता देने पर जोर दिया और अपनी सक्रिय भूमिका के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उत्सव को भव्य बनाने के लिए आकर्षक झांकी और शोभायात्रा निकालने की योजना भी तैयार की गई है। समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया है कि समय-समय पर बैठकों का दौर जारी रहेगा ताकि 2027 का यह आयोजन हरदा के लिए एक ऐतिहासिक और स्मरणीय पल बन सके। प्रकाश/13 अप्रैल 2026