राष्ट्रीय
13-Apr-2026
...


-सचिन तेंदुलकर हुए भावुक, पीएम मोदी सहित फिल्म, संगीत और राजनीतिक जगत की हस्तियों ने किया याद मुंबई,(ईएमएस)। स्वरों की मल्लिका और भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ, जिसके साथ ही भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम युग समाप्त हो गया। रविवार को उनके पार्थिव शरीर को लोअर परेल स्थित उनके आवास ‘कासा ग्रांडे’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां हजारों प्रशंसकों और कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले की आवाज ने दशकों तक भारतीय संस्कृति को समृद्ध किया और दुनियाभर के लोगों के दिलों को छुआ। उन्होंने इसे अपूर्णीय क्षति बताया। इस दौरान क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। आाशा ताई के पार्थिव शरीर को देखते ही सचिन भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। उल्लेखनीय है कि आशा भोसले उन्हें अपने बेटे जैसा मानती थीं। फिल्म जगत से तब्बू भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आईं और उन्होंने आशा भोसले की पोती जनाई को गले लगाकर ढांढस बंधाया। सलमान खान, शाहरुख खान और हेमा मालिनी सहित कई सितारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी शोक व्यक्त किया। संगीत जगत से एआर रहमान ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनके निधन से “एक पूरा दौर खत्म हो गया।” राजनीतिक जगत की कई हस्तियां भी इस दौरान मौजूद रहीं। देवेंद्र फडणवीस ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, जबकि उद्धव ठाकरे और सुप्रिया सुले भी परिवार को सांत्वना देने पहुंची। हेलन ने कहा- उन्हीं की वजह से मैं यहां अपने जमाने की मशहूर डांसर हेलन और मशहर अदाकारा आशा पारेख ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी आवाज में हेलन पर फिल्माए गए गीत जैसे- ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘ओ हसीना जुल्फों वाली’ आज भी लोकप्रियता में पीछे नहीं हैं। हेलन ने मीडिया से कहा, उन्हीं की वजह से मैं यहां हूं। जहां तक आशा पारेख की बात है तो उन पर फिल्माए गए मशहूर गीत- पर्दे में रहने दो और आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा जैसे अनेक गानों को आवाज आशा भोसले ने ही दी थी। इस बीच उनके चाहने वाले यही कह रहे हैं कि आशा भोसले भले ही आज हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी अमर आवाज और गीत सदैव संगीत प्रेमियों के दिलों में गूंजते रहेंगे। हिदायत/ईएमएस 13अप्रैल26