राष्ट्रीय
13-Apr-2026


हापुड़ (ईएमएस)। यूपी के हापुड़ जिल बीती रात एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी मिनी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। वहीं इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा धौलाना थाना क्षेत्र के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास रात करीब 1ः30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दसना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की बारात गुलावठी से लौट रही थी तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ट्रक के नीचे जा फंसी और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसी थी, जिसे निकालने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौत हो गई। वहीं 13 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। जितेन्द्र 13 अप्रैल 2026