राष्ट्रीय
13-Apr-2026
...


-बंगाल दौरे के दौरान ओवैसी ने टीएमसी और बीजेपी के रिश्तों पर उठाए सवाल कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी हलचल के बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को मुर्शिदाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर तीखा हमला बोला। एआईएमआईएम नेता ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी किसी की “बी-टीम” नहीं है और वे स्वतंत्र राजनीतिक पहचान के साथ चुनाव मैदान में उतरते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी का अतीत भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा रहा है और उन्होंने पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए उनके रुख पर सवाल उठाए। अपने भाषण में ओवैसी ने कहा कि 2003 में भाजपा द्वारा समर्थन और उसके बाद हुए गुजरात दंगे 2002 का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि उस समय ममता बनर्जी की क्या भूमिका थी। उन्होंने इशरत जहां, बिलकिस बानो और जकिया जाफरी जैसे मामलों का हवाला देते हुए कहा कि क्या ये सभी उनके लिए मायने नहीं रखते? यहां ओवैसी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल मुसलमानों से नहीं, बल्कि उनके वोटों से प्रेम करते हैं। उन्होंने कहा कि यह समय है जब समुदाय को अपनी राजनीतिक समझ के साथ फैसले लेने चाहिए। इससे पहले ओवैसी ने रानीगंज में दरगाह पर चादर चढ़ाई और मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी सवाल उठाए। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा इस बिल को लोकतंत्र को मजबूत करने वाला कदम बताए जाने पर ओवैसी ने कहा कि उन्हें इस विधेयक की प्रति तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, ऐसे में वे इसकी सामग्री पर कैसे प्रतिक्रिया दें। ओवैसी के इस बयान से बंगाल की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है, जहां चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है। हिदायत/ईएमएस 13अप्रैल26