अंतर्राष्ट्रीय
13-Apr-2026


-बढ़ती ईंधन लागत से ट्रक ऑपरेटर्स परेशान, कारोबार चलाना हुआ मुश्किल सिडनी,(ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया में डीजल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री को गंभीर संकट में डाल दिया है। लगातार बढ़ती ईंधन लागत के कारण ट्रक ऑपरेटर्स के लिए अपना कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है, जिससे पूरे सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ने की आशंका है। तेल कीमतों में उछाल के चलते देश में पेट्रोल और डीजल दोनों महंगे हो गए हैं, जिससे ईंधन संकट जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं। ट्रांसपोर्ट सेक्टर, जो पूरी तरह डीजल पर निर्भर है, इस बढ़ोतरी से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। सिडनी के ट्रक ऑपरेटर्स के अनुसार, पहले एक ट्रक का टैंक भरने में जहां लगभग 3,600 ऑस्ट्रेलियन डॉलर खर्च होते थे, वहीं अब यह लागत बढ़कर करीब 7,500 ऑस्ट्रेलियन डॉलर तक पहुंच गई है। यानी ईंधन खर्च में लगभग दोगुना इजाफा हुआ है, जिसने छोटे और मध्यम ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि डीजल की कीमतों में जल्द राहत नहीं मिली, तो इसका असर केवल ट्रांसपोर्ट सेक्टर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खाद्य पदार्थों, निर्माण सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी आ सकती है। आर्थिक जानकारों के मुताबिक, बढ़ती वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें और सप्लाई में अनिश्चितता इस संकट की प्रमुख वजह हैं। ऐसे में सरकार और उद्योग जगत के सामने चुनौती है कि वे मिलकर इस समस्या का समाधान निकालें, ताकि ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री को राहत मिल सके और महंगाई पर काबू रखा जा सके। हिदायत/ईएमएस 13अप्रैल26