-नबतियेह और आसपास के इलाकों को बनाया निशाना, लेबनान में मरने वालों का आंकड़ा 2055 पहुंचा बेरूत,(ईएमएस)। इजरायल ने एक बार फिर लेबनान के दक्षिणी हिस्सों में हवाई हमले किए हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नबतियेह शहर और मइफादौन कस्बे को निशाना बनाया गया, हालांकि इन हमलों में हुए कुल नुकसान का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है। इसी बीच दक्षिणी लेबनान के सरीफा इलाके से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां इजरायली हमले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक शिशु बच्ची भी शामिल है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 2 मार्च से जारी सैन्य कार्रवाई के बाद से अब तक कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 2,055 हो गई है, जबकि 6,588 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रहे हमलों से नागरिकों की स्थिति गंभीर होती जा रही है और कई इलाकों में मानवीय संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 13अप्रैल26