:: अग्रसेन महासभा के शपथ विधि समारोह में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री; राजेश जिंदल ने अध्यक्ष और अनूप सिंघल ने ली सचिव पद की शपथ :: इन्दौर (ईएमएस)। सामाजिक संगठनों को और अधिक सक्षम और मजबूत बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। इसके लिए समाज के सक्षम वर्ग को स्वप्रेरणा से आगे आना होगा। जब समाज मजबूत बनेगा, तभी राष्ट्र भी समृद्ध और सुदृढ़ बनेगा। इंदौर का अग्रवाल समाज सदैव सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। ये प्रेरक विचार पूर्व केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने व्यक्त किए। वे रविवार रात पीपल्याहाना स्थित होटल एएफसी पर अग्रसेन महासभा के नवीन पदाधिकारियों के शपथ विधि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश जिंदल, सचिव अनूप सिंघल एवं उनकी कार्यकारिणी को सेवा की शपथ दिलाई गई। :: महाराजा अग्रसेन के पदचिह्नों पर चले समाज :: डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि महाराजा अग्रसेन सही मायने में सच्चे समाजवादी थे, जिन्होंने धन से अधिक धर्म और सेवा को महत्व दिया। अग्रवाल समाज को मानव कल्याण के लिए निरंतर सेवा कार्य करते रहना चाहिए। कार्यक्रम के विशेष अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल ने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे नवाचार के जरिए श्रेष्ठ समाज की स्थापना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। :: इन्होंने ली पद और गोपनीयता की शपथ :: शपथ विधि अधिकारी सीए अनिल कुमार गर्ग ने नई कार्यकारिणी को पद की शपथ दिलाई। अध्यक्ष व सचिव के साथ उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सहसचिव अजय कैलाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष त्रिलोक अग्रवाल एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। प्रारंभ में निवृत्तमान अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल, राजेश मित्तल चौधरी और कार्यक्रम संयोजक अरुण आष्टावाले ने अतिथियों का स्वागत किया। :: समाज के प्रबुद्धजन रहे मौजूद :: इस अवसर पर पीडी अग्रवाल कांट्रेक्टर, टीकमचंद गर्ग, विष्णु प्रसाद बिंदल, सुरेश बंसल, अशोक एरन, अजय मोतीलाल अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल सहित शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन सीए एसएन गोयल ने किया एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रकाश/13 अप्रैल 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। अग्रसेन महासभा की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ मंच पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन व अन्य।