खरगोन (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर महती प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता एवं पंधाना विधायक छाया मोरे, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष माया पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे ने अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को परिवार के साथ अब राजनीतिक क्षेत्र में मिलने वाले नेतृत्व क्षमता पर खुशी जताते हुए पीएम का आभार जताया। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता पाटीदार एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी मंचासीन रही। पत्रकारों से प्रवक्ता श्रीमती मोरे ने अधिनियम में महिलाओं को मिलने वाले लाभ की जानकारी साझा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने नारी वंदन अधिनियम 2026 पारित कर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की है। इस अधिनियम से अब महिलाएं केवल योजनाओं की लाभार्थी नही, बल्कि खुद नीति- निर्माता बनेगी। अधिनियम के पारित होने से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। जिससे संसद में भी महिलाओं की भागेदारी बढ़ेगी और समाज में भी समानता का हक मिल सकेगा। यह कानून महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझने वाली मानसिकता को खत्म कर उन्हें निर्णायक भूमिका में लाएगा। विकसित भारत 2047 के निर्माण में यह अधिनियम मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती पटेल ने कहा महिलाएं सृष्टि के संचालन का आधार हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाओं में महिलाओं को जो सम्मान और आत्मनिर्भरता मिली वह जगजाहिर है, अब इस अधिनियम विकास कार्यो में भी महिलाओं की भूमिका रहेगी। जिलाध्यक्ष श्रीमती ब्राह्मणे ने कहा कि घर-घर शौचालय, जनधन योजना, उज्जवला योजना, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ के बाद पीएम मोदी का नारी शक्ति वंदन अधिनियम स्वतंत्र भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इस कानून के माध्यम से महिला नेतृत्व आधारित विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। प्रेसवार्ता के बाद महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेश प्रवक्ता सहित प्रदेश उपाध्यक्ष का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। ईएमएस / 13/04/2026 (खरगोन)