दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार पुलिस द्वारा लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत दरभंगा पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए चोरी और गुम हुए कुल 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को विधिवत पहचान के बाद सौंप दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने दरभंगा पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान का मुख्य उद्देश्य चोरी या गुम हुए मोबाइल और अन्य कीमती सामान को बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में दरभंगा पुलिस लगातार तकनीकी और खुफिया माध्यमों का उपयोग कर इस तरह की कार्रवाई कर रही है। बहरहाल दरभंगा पुलिस का यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों के बीच भरोसे को और मजबूत कर रहा है। संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस