क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


सारण, (ईएमएस)। बिहार के सारण जिले में सक्रिय पुलिसिंग के तहत बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भेल्दी थाना क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने में अहम सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार भेल्दी थाना कांड संख्या-145/26 के प्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद शमशेर साह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल की जांच की गई, जिसमें अवैध हथियारों से संबंधित तस्वीरें मिलीं। इसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज की। पूछताछ में शमशेर साह ने बताया कि उक्त हथियार राहुल सिंह के पास हैं, जो कोरया गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में भी शामिल रहा है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त की निशानदेही पर राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। राहुल सिंह के पास से 2 पिस्टल, 3 खाली मैगजीन, 25 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में भेल्दी थाना में एक और कांड दर्ज कर कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। संतोष झा-१३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस