क्षेत्रीय
13-Apr-2026
...


4 डिग्री उछला पारा, 40 पार पहुंचा तापमान खरगोन (ईएमएस)। बीते दो दिनों में जिले में रात ठंडी तो दिन का पारा बढ़ गर्म रहा अप्रैल के पहले सप्ताह में चला बूंदाबांदी, हवा-आंधी का दौर अब पूरी तरह थम गया है। दूसरे सप्ताह मेें गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। अब तक 36 डिग्री पर स्थिर बना हुआ तापमान, पिछले चार दिनों में बढ़कर 40 डिग्री पहुंच गया है। सोमवार को शहर में सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन चढऩे के साथ सूरज की तपिश लगातार बढ़ती रही, जिससे तापमान में तेजी से उछाल देखा गया। गर्मी का असर इतना ज्यादा रहा कि लोग दोपहर के समय घरों में रहने को मजबूर नजर आए। खुले इलाकों में धूप की तीव्रता ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं ने गर्मी को और ज्यादा तीखा बना दिया। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले बुधवार को अधिकतम 36.2, गुरुवार को 37, शुक्रवार को 38 और शनिवार को 39 और रविवार को 39. 2 डिग्री तापमान रहा। जबकि न्यूनतम तापमान पिछले चार दिनों के मुकाबले 1 डिग्री बढ़ा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जबकि इससे पूर्व 20 डिग्री पर स्थिर बना हुआ था। बढ़ते अधिकतम तापमान से यह साफ है कि गर्मी लगातार अपना असर बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। सामान्य तापमान से 3 डिग्री या उससे अधिक बढऩे की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और तीव्र होगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। ईएमएस / 13/04/2026