नर्मदापुरम (ईएमएस)। केंद्र सरकार द्वारा अमृत योजना के तहत संभाग मुख्यालय नर्मदापुरम के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 के एरिया को डेवलप किया जा रहा है। जबकि घटिया निर्माण को लेकर पूर्व में शिकायत भी हो चुकी हैं। जहां निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर रेलवे कॉलोनी नर्मदापुरम के बच्चे कॉलोनी में मौजूद चिल्ड्रन पार्क की सुविधा से भी वंचित हो गए हैं। रेलवे कॉलोनी के बच्चों ने बताया कि कॉलोनी में मौजूद चिल्ड्रन पार्क में करीब 3 वर्षों से ठेकेदार ने अपनी निर्माण सामग्री रखकर कब्जा कर गेट पर ताला लगा लिया है। जिसके कारण कॉलोनी के बच्चे अब पार्क में खेल नहीं पा रहे हैं और परीक्षा उपरांत गर्मी की छुट्टियों में खेलने की सुविधा से वंचित हो गए हैं। पार्क पर ठेकेदार के कब्जे को लेकर रेलवे कॉलोनी के बच्चों ने स्टेशन प्रबंधक नर्मदापुरम से शिकायतकर चिल्ड्रन पार्क से ठेकेदार की निर्माण सामग्री को हटाए जाने और उसकी साफ सफाई कर खेलने की व्यवस्था कराई जाने की मांग की है। स्टेशन प्रबंधक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह गंभीर विषय है,आईओडब्ल्यू को जानकारी दे दी गई है और ठेकेदार को भी निर्देश दिया है कि वह पार्क में रखी सामग्री को हटा ले और जिससे बच्चों को खेलने की सुविधा मिल सकेगी। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 13 अप्रैल 2026