राज्य
13-Apr-2026


भोपाल(ईएमएस)। हबीबगंज थाना इलाके में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर तिराहे पर एक बाइक की टक्कर से दूसरा बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना 30 मार्च की है। गंभीर रूप से घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले बाइक सवार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक एमआईजी क्वार्टर शिवाजी नगर निवासी सुयश तिवारी पिता हंसराज तिवारी(18) निजी स्कूल में 8वीं का छात्र था। 30 मार्च को वह अर्जुन नगर तिराहा की तरफ से जा रहा था। सरस्वती विद्या मंदिर के पास जय प्रकाश तिराहा की ओर सामने से आ रहे बाइक चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। सुयश बाइक समेत सड़क पर गिर गया था। उसका कुछ दिनों तक जेपी अस्पताल में इलाज चला। उसकी हाजत नाजुक बताकर हमीदिया अस्पताल ले जाने को कहा गया तब परिजन उसे अरेरा कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल ले गए थे। यहॉ उसने दम तोड़ दिया। हबीबगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है, कि इस मामले में प्रकरण दर्ज है। लेकिन आरोपी वाहन चालक की जानकारी नहीं लग सकी है। जुनेद / 13 अप्रैल