राज्य
13-Apr-2026


- ट्रेक्टर ट्रॉली से टकराया पुलिस वाहन, अफसर, कर्मचारी घायल भोपाल(ईएमएस)। श्यामला हिल्स थाना इलाके में डॉक्टर की ऑखो में मिर्च झोंककर लूटपाट करने वाले दो संदेहियों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में एक फरार आरोपी की धरपकड़ के दौरान क्राइम ब्रांच की एक टीम उत्तर प्रदेश के एटा जिले में हुए एक्सीडेंट में घायल हो गई। इसमें क्राइम ब्रांच के अफसर और कर्मचारी जख्मी है। जानकारी के अनुसार एसआई सूरज रंधावा की अगुवाई में एक टीम एटा में दबिश देने जा रही थी। तभी ट्रेक्टर ट्रॉली से पुलिस का वाहन टकरा गया। उनके साथ अन्य कर्मचारियों में पारस, अजीत और तीन अन्य भी थे। सभी घायलों को एटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में सभी कर्मचारियों को आगरा जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - यह है मामला जिसके लिए एटा गई थी टीम जानकारी के अनुसार डॉक्टर मनोज वर्मा के साथ 10 अप्रैल की सुबह लगभग दस बजे लूट की वारदात हुई थी। तीन लुटेरों ने साइकिलिंग कर रहे डॉक्टर को टक्कर मारकर गिराया था। इसके बाद दूसरे लुटेरे ने मिर्च झोंकी और तीसरे बदमाश ने उनके दाहिने हाथ में पहना हुआ 11 तौला वजनी सोने का कड़ा, घड़ी और लोअर की जेब में रखी नकदी लूट ली थी। शुरुआती जांच में पता चला है, कि लुटेरे तीन किलोमीटर से उनका पीछा कर रहे थे। यह जानकारी सीसीटीवी कैमरे की जांच में सामने आई है। पुलिस ने जिन आरोपियों को हिरासत में लिया है, उनके पास से घड़ी और नगदी बरामद हुई है। लेकिन, तीसरे संदेही के पास सोने का कड़ा मौजूद हैं। उसकी तलाश में कई टीमें लगी हुई है। आरोपी पर पुलिस अधिकारियों की तरफ से इनाम की भी घोषण की गई है। जुनेद / 13 अप्रैल