राज्य
13-Apr-2026
...


:: अंजनी और जगदीश नगर में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई; नाले किनारे बने निर्माणों को निगम ने किया जमींदोज :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ नगर निगम ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। आयुक्त क्षितिज सिंघल के सख्त निर्देशों के बाद सोमवार को ज़ोन क्रमांक 04 के अंतर्गत अंजनी नगर और जगदीश नगर क्षेत्र में रिमूवल टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों में निर्माणाधीन ढांचों को बुलडोजर की मदद से ढहा दिया गया। निगम की रिमूवल टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 16 अवैध रो-हाउस ध्वस्त किए। इनमें अंजनी नगर में नाले के किनारे नियम विरुद्ध बनाए गए 4 रो-हाउस और जगदीश नगर के पास निर्माणाधीन 12 रो-हाउस शामिल हैं। इसके अलावा, तीन अलग-अलग स्थानों पर बिना निगम की अनुमति के गुपचुप तरीके से बनाई जा रही अवैध सड़कों और ड्रेनेज लाइन के निर्माण को भी पूरी तरह हटा दिया गया। :: नागरिकों के लिए चेतावनी : प्लॉट खरीदने से बचें :: कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई फंसाने से पहले कॉलोनी की वैधता की जांच जरूर करें। बिना वैध अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदना जोखिम भरा हो सकता है। :: भारी अमले के साथ पहुँची टीम :: इस बड़ी रिमूवल कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी प्रभात तिवारी, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणी सहित निगम का पुलिस बल और अमला मौजूद रहा। ज़ोन में हुई इस अचानक कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वाले कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। प्रकाश/13 अप्रैल 2026