राज्य
13-Apr-2026
...


:: विज्ञान भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का लाइव प्रसारण; राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर बोले मोदी :: इंदौर (ईएमएस)। भारत सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ की गूँज सोमवार को शहर में भी सुनाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का इंदौर में महापौर और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने नारी शक्ति के साथ सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी अपरिहार्य भूमिका को रेखांकित करते हुए सशक्त भारत का खाका पेश किया। इंदौर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में सिटी बस ऑफिस (एआईसीटीएसएल) के सभागृह में सम्मेलन के लाइव प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं के साथ-साथ जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के संबोधन को सभी ने उत्साहपूर्वक सुना। दिल्ली में आयोजित इस भव्य सम्मेलन में राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, खेल और उद्यमिता जैसे विविध क्षेत्रों की महिलाओं ने भागीदारी की थी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्टार्टअप, मीडिया और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में महिलाओं के बढ़ते कदमों की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नारी शक्ति के बिना राष्ट्र के विकास की कल्पना अधूरी है। इंदौर के सभागृह में मौजूद महिलाओं ने प्रधानमंत्री के विचारों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य प्रिया डांगी, नंदकिशोर पहाड़िया, निरंजन सिंह चौहान, राजेश उदावत, अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, राकेश जैन सहित पार्षदगण एवं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री की योजनाओं और महिला केंद्रित नीतियों के प्रति उत्साह व्यक्त किया। प्रकाश/13 अप्रैल 2026