इंदौर (ईएमएस)। तुलसी नगर स्थित इंडियन स्पोर्ट्स एकेडमी में रविवार को आयोजित इंटर क्लब मदर्स ट्रॉफी बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। स्पर्धा में शहर के विभिन्न क्लबों के करीब 70 प्रतियोगियों ने कोर्ट पर अपना कौशल और दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के परिणाम बेहद संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहे। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दिनेश पटेरिया एवं कृतित्व यादव की जोड़ी ने श्रेष्ठ खेल दिखाते हुए खिताबी जीत दर्ज की, जबकि शैलेन्द्र ताले एवं सत्येन्द्र मंडलोई उपविजेता रहे। इसी तरह, 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मनोज शर्मा और डॉ. राहुल अडावल की जोड़ी ने मैदान मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में शैलेन्द्र कुशवाह और डॉ. विवेक चंद्रावत की जोड़ी को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा। स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व बीसीसीआई सचिव संजय जगदाले, श्वेतांक वर्मा व शैलेन्द्र कुशवाह ने स्वर्गीय शांतिदेवी कुशवाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर जगदाले ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि फिटनेस के लिए बैडमिंटन एक संपूर्ण खेल है। कई दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी भी अपनी चपलता और फिटनेस बनाए रखने के लिए नियमित रूप से बैडमिंटन का सहारा लेते हैं। समापन अवसर पर इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव आर पी सिंह नैय्यर एवं एस.एस. खेडेकर ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए झलक तलरेजा, सयाली वाघ, अश्लेषा भटनागर, हर्षित, कौशल, प्रकाश नंदवाल, डॉ. विवेक चंद्रावत, श्रीराम यादव, नीलेश यादव, आशीष, विनोद आचार्य, हरिओम राठौड़, रितेश चंदानी और मनीष पटेल को विशेष मेडल से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन हरिओम राठौड़ एवं मनोज शर्मा ने किया। आयोजन में उन्मेश नवरे, मनीष पटेल, गौरव व दिनेश का सराहनीय योगदान रहा। प्रकाश/14 अप्रैल 2026