खेल
14-Apr-2026


:: पहली बार उत्तराखंड को मिली मेजबानी; परेड ग्राउंड के नवनिर्मित हॉल में सजेगी बिसात :: देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखंड के खेल इतिहास में 15 अप्रैल का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होने जा रहा है। परेड ग्राउंड स्थित नवनिर्मित बहुउद्देशीय हॉल में बुधवार से यूटीटी 87वीं इंटर-स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ होगा। यह पहला अवसर है जब देवभूमि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रही है। आयोजन का आगाज़ लड़कियों की अंडर-19 टीम स्पर्धा के साथ होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 29 टीमें खिताब के लिए ज़ोर-आज़माइश करेंगी। खिलाड़ियों की व्यक्तिगत रैंकिंग के आधार पर टीमों को वरीयता दी गई है। तमिलनाडु की टीम अपनी मजबूत लाइनअप के साथ शीर्ष वरीयता प्राप्त और खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की टीमें भी कड़े संघर्ष के लिए तैयार हैं। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की संतुलित टीमें भी पदक की दौड़ में शामिल हैं, जबकि हरियाणा और गुजरात जैसी टीमें उलटफेर कर प्रतियोगिता को रोमांचक बना सकती हैं। टीम स्पर्धा के साथ ही अंडर-17 लड़कियों के सिंगल्स क्वालिफिकेशन दौर के मैच भी शुरू होंगे। इसके अलावा, इसी श्रेणी के डबल्स मुकाबले भी नॉकआउट आधार पर कल ही खेले जाएंगे। अंडर-19 के व्यक्तिगत और डबल्स मुकाबले अगले चरण में आयोजित होंगे। लड़कों की टीम स्पर्धाओं का आगाज़ छठे दिन से होगा, जिनके खिलाड़ी पांचवें दिन देहरादून पहुँचेंगे। प्रतियोगिता का संचालन अनुभवी रेफरी ए.एस. क्लेर के निर्देशन में होगा। 60 सदस्यीय अंपायर टीम, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और नेशनल स्तर के अनुभवी अंपायर शामिल हैं, कॉम्पिटिशन मैनेजर एन. गणेशन के मार्गदर्शन में मैचों का संचालन करेगी। पूरे आयोजन में स्टैग ग्लोबल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है, बल्कि आगामी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी कर रहे उत्तराखंड की मेजबानी क्षमताओं का भी बड़ा परीक्षण होगा। प्रकाश/14 अप्रैल 2026