क्षेत्रीय
14-Apr-2026
...


कृषि भूमिधारक बनें समिति के सदस्य- सीईओ बघेल बालाघाट (ईएमएस). अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिले में सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में सघन सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट अंतर्गत 17 शाखाओं की 131 पैक्स समितियों में यह अभियान प्रारंभ हुआ, जिसका उद्देश्य पात्र गैर-सदस्य किसानों को जोडकऱ उन्हें संस्थागत ऋण एवं सहकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना है। यह अभियान कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक मृणाल मीना के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल एवं उपायुक्त सहकारिता राजेश उइके द्वारा लांजी, गढ़ी सहित विभिन्न समितियों में किसानों की उपस्थिति में सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान नवीन सदस्यों का फूलमाला एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया। सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने कहा कि जिले के सभी कृषि भूमिधारकों को सहकारी समितियों से जोडऩा आवश्यक है, ताकि उन्हें शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पकालीन फसल ऋण, कम ब्याज दर पर मध्यमकालीन ऋण मिल सके। साथ ही किसानों को उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक उचित मूल्य पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उपायुक्त सहकारिता राजेश उइके ने बताया कि पैक्स सदस्य किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं अभियानों का लाभ प्राथमिकता से मिलेगा। इसके अलावा सदस्य सहकारी संस्था के निर्णयों में भागीदारी कर सकते हैं तथा लाभांश प्राप्त कर सकते हैं, जिससे वंचित एवं कमजोर वर्गों का भी सशक्तिकरण होगा। वनांचल क्षेत्र बैहर की गढ़ी समिति में अभियान की शुरुआत करते हुए प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं, जो किसानों को ऋण, कृषि आदान, भंडारण एवं विपणन जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने बताया कि अभी भी कई पात्र किसान सदस्य नहीं हैं, जिन्हें इस अभियान के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। भानेश साकुरे / 14 अप्रैल 2026