राष्ट्रीय
14-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटे में किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग (डीजी शिपिंग) ने अब तक खाड़ी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से 2,262 से ज्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी करवाई है, जिनमें पिछले 24 घंटे में 85 लोग शामिल हैं। डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने सक्रिय होने के बाद से अब तक 6,292 कॉल और 13,228 से ज्यादा ईमेल संभाले हैं। इनमें पिछले 24 घंटे में 219 कॉल और 361 ईमेल शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश भर के बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है और कहीं भी भीड़ या रुकावट की स्थिति नहीं है। बयान में कहा गया कि मंत्रालय लगातार विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ समन्वय बनाए हुए है ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और समुद्री गतिविधियों का संचालन बिना बाधा जारी रहे। वहीं, विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय दूतावास और मिशन भारतीय समुदाय के लगातार संपर्क में हैं और उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह (एडवाइजरी) जारी कर रहे हैं। सुबोध/१४ -०४-२०२६