कोलकाता(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि अगर इस महीने के अंत में होने वाले दो चरणों के विधानसभा चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करके राज्य में व्याप्त लव जिहाद और बहुविवाह की प्रथा को समाप्त कर देगी। उन्होंने मालदा जिले के मानिकचक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों को एक साथ चार विवाह करने की स्वतंत्रता है, लेकिन चिंता न करें। अगले महीने बंगाल में सरकार बनने के बाद यूसीसी लागू कर दी जाएगी। एक समय में चार विवाह करने की प्रथा समाप्त हो जाएगी। राज्य में अब लव जिहाद या लैंड जिहाद नहीं होगा। इस अवसर पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछले 15 वर्षों के दौरान राज्य में भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी दी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अगर वे सोचते हैं कि वे बच निकलेंगे, तो वे गलतफहमी में हैं। परिणाम घोषित होने दीजिए और नई सरकार का गठन होने दीजिए। भ्रष्टाचार में लिप्त प्रत्येक व्यक्ति सलाखों के पीछे होगा। सुबोध/१४ -०४-२०२६