कोरबा (ईएमएस) कोरबा भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को कोरबा जिले में एक विशेष और भावनात्मक अंदाज में मनाया गया, जब भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा कोरबा के पदाधिकारियों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। यह पहल न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक बनी, बल्कि समाज में देशभक्ति और कृतज्ञता का सशक्त संदेश भी छोड़ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के आदर्शों एवं प्रदेश अध्यक्ष मखमूर खान के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने शहीद जवानों के निवास पहुंचकर उनके परिजनों को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बालको के शहीद अजय कुमार भारद्वाज एवं कोरबा के वीर सपूत अफजाल अहमद खान के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। साथ ही भारतीय सेना में सेवा दे चुके वरिष्ठ सैनिक विचतर सिंह संधू का भी विशेष सम्मान किया गया। इस दौरान वातावरण भावुक हो उठा, जहां एक ओर शहीदों की स्मृतियों ने सभी को गर्व से भर दिया, वहीं परिजनों के प्रति सम्मान ने सभी के हृदय को स्पर्श किया। मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों का सम्मान करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, समर्पण और देशसेवा की भावना को जागृत करते हैं। इस गरिमामय कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष उत्तम रंधावा, जिला महामंत्री सनी सिंह, महामंत्री चक्रेश जैन, जिला उपाध्यक्ष सैयद फिरोज, जुबेर खान, जिला मंत्री नसीम खान, सुखदेव सिंह, तुषार साहू, मोंटी पटेल, निखिल अग्रवाल, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। 15 अप्रैल / मित्तल