- होटल में लगी आग ने मचाई तबाही - श्रद्धालु की कार सहित कई दुकानें जलकर खाक कोरबा (ईएमएस) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में स्थापित आस्था स्थल कोसगई माता मंदिर परिसर के नीचे स्थित एक होटल में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी एक कार और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा हैं की जब मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ थी। तभी अचानक होटल से उठी आग की लपटों ने वहा अफरा-तफरी मचा दी। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग ने पास खड़ी एक कार को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे कार कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह खाक हो गई। बताया जा रहा है कि यह कार कुसमुंडा निवासी शुभम साहू नामक व्यक्ति की थी, जो माता के दर्शन करने आए थे। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के साथ-साथ आसपास की कई छोटी दुकानें भी जलकर राख हो गईं, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के दौरान मौके पर उपस्थित लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, कार में सवार श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित उनके निवास स्थान तक पहुंचाया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक आग अपना तांडव दिखा चुकी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की ओर इशारा कर रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। 15 अप्रैल / मित्तल