क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। अब स्वचालित दरवाजों (ऑटोमैटिक डोर्स) से लैस नई ‘नॉन-एसी लोकल ट्रेन’ मुंबई पहुंच चुकी है। यह आधुनिक लोकल ट्रेन चेन्नई से मुंबई लाई गई है और इस वक्त यह कुर्ला कारशेड में खड़ी है। इस लोकल ट्रेन की सबसे खास विशेषता इसके ऑटोमैटिक दरवाजे हैं। दरवाजे अपने आप बंद होने की सुविधा से यात्रियों के ट्रेन से नीचे गिरने या दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। इस नई लोकल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया है। प्रत्येक कोच में दो वेंटिलेशन यूनिट लगाए गए हैं, जिनकी क्षमता करीब 10,000 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा है। इससे ट्रेन के अंदर हवा का बेहतर प्रवाह बना रहेगा। इसके अलावा नई लोकल के डिब्बों में खिड़कियों का आकार भी पहले की तुलना में बड़ा किया गया है। जहां पुराने कोच में खिड़कियों की लंबाई लगभग 900 सेंटीमीटर होती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर करीब 1900 सेंटीमीटर कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक खुलापन और आराम मिलेगा। इस ट्रेन में पारंपरिक अलार्म चेन की जगह अब अलार्म बटन दिया गया है, जिससे गलत तरीके से चेन खींचने की घटनाओं पर रोक लगेगी। इसके अलावा हर कोच के एंड पैनल पर फायर डिटेक्शन सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे सुरक्षा और मजबूत होगी। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, इस लोकल को सेवा में लाने से पहले कई महत्वपूर्ण परीक्षण किए जाएंगे। इसमें आरडीएसओ और अन्य तकनीकी ट्रायल शामिल हैं। इन ट्रायल्स में यात्रियों के सफर का अनुभव, झटकों की स्थिति, और कोच के अंदर ऑक्सीजन स्तर जैसी चीजों की जांच की जाएगी। इन सभी परीक्षणों के सफल होने के बाद ही इस नई नॉन-एसी लोकल को आम यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा। रेलवे का प्रयास है कि इसे जल्द से जल्द मुंबईकरों की सेवा में उतारा जाए। संजय/संतोष झा-१५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस