क्षेत्रीय
15-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | स्वच्छता में सभी की सहभागिता हो इसके लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा देश का सबसे बड़ा स्वच्छता संवाद आयोजित किया जा रहा है, जोगी सभी 66 वार्डों के नागरिकों के साथ किया जाएगा। जिसका शुभारंभ आज बुधवार को महाराज बाड़े से किया गया। स्वच्छता संवाद कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, पार्षद एवं नगर निगम में लेखा समिति के अध्यक्ष अनिल सांखला, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, नेवल ऑफीसर श्रीमती ऋतु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व्यापारी एवं विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने यह संकल्प लिया कि हम सभी मिलकर स्वच्छता को अपने शहर का गर्व बनाएंगे। जिससे हमें देश दुनिया में ग्वालियर का नाम लेने पर शहर की स्वच्छता पर गर्व महसूस हो। स्वच्छता संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ किया गया, यह स्वच्छता का संकल्प आज देश के घर-घर में लोगों को प्रेरणा दे रहा है और हमारे देश के कई शहरों की पहचान अब स्वच्छता के रूप में दुनिया में होने लगी है। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और स्वयं के साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। क्षेत्रीय पार्षद श्री अनिल सांखला ने भी क्षेत्र के नागरिकों एवं व्यापारियों से आग्रह किया कि वह भी स्वच्छता के इस पुनीत कार्य में नगर निगम का सहयोग करें और ग्वालियर को स्वच्छ शहर बनाने के लिए सभी सहभागी बने। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल ने नगर निगम प्रशासन एवं शहर के नागरिकों को भरोसा दिलाया कि शहर के सभी व्यापारी स्वच्छता के लिए संकल्प बढ़ाया हैं और नगर निगम के साथ लगातार सहयोग प्रदान कर स्वच्छता के क्षेत्र में अनेक कार्य कर रहे हैं। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम ग्वालियर द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी तथा ग्वालियर शहर से निकलने वाले प्रतिदिन लगभग 600 टन कचरा को किस प्रकार संग्रहित किया जाता है और फिर लैंडफिल साइट पर जाकर कचरे का निष्पादन किया जाता है इसको लेकर लोगों को जानकारी दी तथा नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि अभी भी 100 से 150 टन कचरा प्रतिदिन नगर निगम के डोर टू डोर वाहनों में ना जाकर सड़कों पर जाता है आम नागरिक इतने संकल्पित हो कि यह कचरा भी निगम के वाहनों में ही डालें। स्वच्छता संवाद के दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अनेक नागरिकों महिलाओं एवं बुजुर्ग बच्चों ने भी स्वच्छता के लिए उनके मन में आ रहे सवालों को पूछा और अपने सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के दौरान सभी नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। शहर की सड़कों पर दिया स्वच्छता का संदेश महाराज बाड़े पर आयोजित स्वच्छता संवाद के पूर्व में नगर निगम की आईईसी टीम के सदस्यों द्वारा विभिन्न संस्थाओं के वालंटियर के साथ एक स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली महाराज बाड़े से प्रारंभ होकर सराफा बाजार, छतरी बाजार, नाग देवता मंदिर से होते हुए वापस बाड़े पर आई और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। युवा बनेंगे बदलाव के वाहक इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से कार्य करने वाले शहर के 19 युवाओं को सोशल मीडिया ब्रांड एंबेसडर बनाया गया तथा उनका सम्मान किया गया और उन सभी से आग्रह किया गया कि वह स्वच्छता जागरूकता के लिए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम नागरिकों को लगातार जागरूक करें। अगला संवाद हजीरा चौराहे पर स्वच्छता संवाद का अगला कार्यक्रम 17 अप्रैल 2026 को शाम 5ः00 बजे हजीरा चौराहे पर आयोजित किया जाएगा आप सभी नागरिक अधिक से अधिक संख्या में उसमें सहभागिता करें।