क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)। जनपद के मक्खनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की शोभायात्रा हर्षोल्लास और भव्यता के साथ निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत बाईपास स्थित बाबा की साल से हुई, जिसका शुभारंभ समाजसेवी गणेश जी लाल ने फीता काटकर किया। शाम करीब 5 बजे शुरू हुई यह यात्रा बाईपास से होते हुए बिल्टीगढ़ चौराहा, सैयद मजार, सब्जी मंडी, माता का मंदिर और बड़ा बाजार मार्ग से गुजरते हुए सदर बाजार पहुंची। यात्रा के दौरान “अंबेडकर अमर रहें” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और नवयुवक नाच-गाने के साथ यात्रा में शामिल हुए और उत्साहपूर्वक बाबा साहब के विचारों का संदेश दिया। कार्यक्रम में अंबेडकर सेवा समिति की संयोजक गीता बौद्ध, डॉ. एस.के. अरुण, समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष खुर्शीद असलम, छविनाथ, मुकेश जाटव, लालता प्रसाद, राजीव बघेल, राष्ट्र प्रकाश धनगर, प्रमोद कुमार, सभासद होरीलाल, कुलदीप सिंह, दिलीप कुमार, बीके सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिकोहाबाद के विधायक मुकेश वर्मा ने भी शोभायात्रा में शामिल होकर अंबेडकर अनुयायियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। - ईएमएस